प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, ईरान के गृह मंत्री अहमद वहीदी ने कहा है कि सीरिया और तुर्किए में आए भीषण भूकंप के बाद से ही ईरान भूकंप प्रभावित इलाक़ों में राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के साथ ही साथ राहत सामग्रियों को भी इन देशों की ओर लगातार भेज रहा है। उन्होंने कहा कि इस समय सीरिया और तुर्किए में जिस तरह की दयनीय स्थिति है उसको देखते हुए जितना अधिक से अधिक इन देशों के भूकंप पीड़ितों के लिए मानवीय सहायता भेजी जाए उतना ही बेहतर है। इस बीच जबकि ईरान के आज़रबाइजान ग़र्बी प्रांत के ख़ुई शहर में भी हाल ही में भीषण भूकंप आया था और भारी संख्या में जानी और माली नुक़सान हुआ था, लेकिन उसके बावजूद ईरान सीरिया और तुर्किए की भूकंप पीड़ित जनता की हर संभव मदद की कोशिश कर रहा है।
बता दें कि तुर्किए और सीरिया में सोमवार तड़के 7.8 तीव्रता वाले भूकंप और उसके बाद आने वाले कई ज़ोरदार झटकों से दोनों देशों में मरने वालों की संख्या आठ हज़ार पहुंच चुकी है। वहीं तुर्किए के राष्ट्रपति रजब तय्यब अर्दोगान का कहना है कि उन्हें दुनिया के 70 से ज़्यादा देशों से राहत और बचाव अभियान में मदद की पेशकश मिल चुकी है। उन्होंने मदद भेजने या पेशकश करने वाले देशों का शुक्रिया अदा किया है। इसके साथ ही उन्होंने देश के दक्षिण के 10 प्रांतों में तीन महीने के लिए आपातकाल लगाने की घोषणा की है। ग़ौरतलब है कि जैसे जैसे बचाव कार्य आगे बढ़ रहा है, मलबे से लोगों को निकाला जा रहा है, इसी के साथ मरने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। बचावकर्मी पीड़ितों को बचाने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। (RZ)
342/